लखनऊ। बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में बुधवार को दर्शन करने आए पांच श्रद्धालुओं की सोने की चेन और पर्स चोरी होने की घटनाएं सामने आईं। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मंदिर परिसर में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर जांच की जा रही है।
बुधवार को दर्शन करने पहुंची दुबग्गा निवासी निशा, डिप्टीखेड़ा स्थित सत्यम सिटी निवासी गणेश कुमार चौबे, सरोजनीनगर के अजगैन निवासी सरोजिनी ने बताया कि गर्भगृह के पास उनकी सोने की चेन चोरी हो गई। इंदिरानगर के तकरोही निवासी माधुरी के पर्स से तीन हजार रुपये चोरी हो गए। वहीं, बख्शी का तालाब के अघोरी गांव निवासी सोनम पाल ने भी गले में पहनी सोने की चेन चोरी होने की शिकायत की। श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर में भीड़ के दौरान पुलिस की मौजूदगी के बावजूद चोर सक्रिय हैं। उन्होंने मंदिर परिसर में सीसीटीवी व्यवस्था दुरुस्त कराने के साथ ही पुलिस गश्त और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। मंदिर परिसर में लगे 18 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के लिए लगाई गई एलईडी टीवी भी बंद रहती है।