पुलिस की गिरफ्त में आरोपी व बरामद सोने की चेन व बाइक।
गोसाईंगंज। पॉश इलाके में पैदल जा रहीं महिलाओं से चेन लूट करने वाले गिरोह के सरगना सहित चार बदमाशों को पुलिस ने बुधवार को सेंवई गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने छह घटनाओं का खुलासा करते हुए बदमाशों के पास से लूटी गई सोने की चेन, चार बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को जेल भेज दिया।
डीसीपी दक्षिणी निपुण अग्रवाल के मुताबिक सुशांत गोल्फ सिटी के सेक्टर डी निवासी आराधना चौधरी सोमवार सुबह करीब आठ बजे गोमती एनक्लेव के पास सामान लेने गई थीं। इसी बीच पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाश उनकी चेन लूटकर भाग निकले थे। इसके अलावा अवध विहार योजना के मंदाकिनी विहार एनक्लेव निवासी अंजू गुप्ता, संतुष्टि एनक्लेव निवासी विनिता तिवारी और सेक्टर सात स्थित प्रधानमंत्री आवास निवासी शिवम गुप्ता की मां से भी बाइक सवार बदमाशों ने चेन लूट ली थी। डीसीपी ने बताया कि लगातार हो रही लूट की घटनाओं का खुलासा करने के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई थीं। इसके अलावा दक्षिणी जोन की सर्विलांस टीम को भी लगाया गया था।
एडीसीपी साउथ राधापल्ली वसंथ कुमार के मुताबिक सोमवार को आराधना की चेन लूट कर बदमाश पीजीआई के तरफ भाग गए थे। सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिये बदमाशों की तलाश कर रही थी। इसी बीच उतरेठिया रेलवे स्टेशन की तरफ चार संदिग्धों के जाने की खबर मिली। चौकी इंचार्ज सेंवई हिमांचल सिंह, दरोगा संदीप शर्मा व एसआई कनक कुमार यादव ने पुलिस बल के साथ घेराबंदी कर दो बाइक सवार चार बदमाशों को पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान गिरोह के सरगना बिजनौर के मकऊ खेड़ा निवासी वसीर अली (19), पीजीआई के वृंदावन काॅलोनी के सुमित सिंह (20), एकता नगर के सभाखेड़ा निवासी सुधीर कुमार (24) और सुशांत गोल्फ सिटी के सेक्टर 10 स्थित पीएम आवास निवासी अरमान गिरी (20) के रूप में हुई। बदमाशों की निशादेही पर पुलिस ने लूटी गई चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई चार बाइक भी बरामद कर ली है।
बाइक की नंबर प्लेट हटा देते थे आरोपी
एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ रूणवाल ने बताया कि लुटेरे पैदल जा रही अकेली महिला को निशाना बनाते थे। यही नहीं, बाइक के पीछे लगी नंबर प्लेट को खोलकर हटा देते थे। साथ ही बाइक के आगे वाली नंबर प्लेट को आधी तोड़ देते थे ताकि कोई उन्हें ट्रेस न कर सके। पुलिस गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में पता लगा रही है। इसके अलावा चारों के आपराधिक इतिहास भी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी व बरामद सोने की चेन व बाइक।