उत्तर प्रदेश में 100 करोड़ की जीएसटी चोरी के मामले में सेंट्रल जीएसटी का एक इंस्पेक्टर भी शामिल है। इंस्पेक्टर की तैनाती दिल्ली में है। गाजियाबाद में दर्ज एफआईआर में उसको भी अब आरोपी बनाया गया है। एसटीएफ उसकी तलाश में है।
एसटीएफ के मुताबिक आरोपी पुनीत अग्रवाल की एक फर्म एडॉन ऑटोमोबाइल है। ये फर्म भी बोगस थी। करोड़ों का हेरफेर इसके जरिये किया गया था। तीन महीने पहले इस फर्म को सस्पेंड कर दिया गया था। तब पुनीत ने इंस्पेक्टर मोहित अग्रवाल के जरिये इस फर्म को रिस्टोर करवा लिया था। उस पर फिर से लेनदेन शुरू कर दिया था। इंस्पेक्टर को इसके एवज में 40 हजार रुपये दिए थे।
इंस्पेक्टर मोहित अग्रवाल ने गिरोह की विभागीय तौर पर मदद की जिससे आरोपी हेरफेर करते रहें। इसके बदले में उसने लाखों रुपये वसूले। अंदेशा है कि इस तरह सैकड़ों फर्मों में उसने खेल किया। एसटीएफ ने पुनीत के मोबाइल से इस संबंध में अहम व्हाट्सएप चैट जुटाया है। इसमें पुनीत और इंस्पेक्टर लेनदेन से लेकर हेरफेर करने की बातचीत कर रहे थे।