प्रदेश में विधानसभा की 11 व लोकसभा की एक सीट पर होने वाले उपचुनाव में केंद्र सरकार के कर्मचारी पैनी नजर रखेंगे। इसके लिए 3556 केंद्रीय कर्मचारियों व अधिकारियों को लगाया जा रहा है।
चुनाव आयोग ने उपचुनाव के प्रत्येक मतदान केंद्र पर केंद्रीय कर्मचारियों व अधिकारियों को बतौर माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात कर दिया है। साथ ही प्रत्येक पोलिंग सेंटर की हरगतिविधि कैमरे में कैद करने के निर्देश दिए हैं।
भाजपा सहित कई विपक्षी दलों ने उपचुनाव में गड़बड़ी की आशंका जताई थी। उन्होंने चुनाव आयोग से मतदान में विशेष चौकसी रखने की मांग की थी। इसी के बाद आयोग ने प्रत्येक बूथ पर केंद्रीय कर्मचारियों व अधिकारियों को माइक्रो ऑब्जर्वर के रूप में तैनात करने का निर्णय किया है।
प्रत्येक मतदान स्थल पर एक वीडियो व डिजिटल कैमरा टीम की ड्यूटी लगाई गई है। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग भी कराई जाएगी। इससे आयोग मतदान स्थल की लाइव तस्वीरें देख सकेगा।
चुनाव आयोग सतर्क
मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा ने उपचुनाव वाले सभी जनपदों में शिकायतों के निस्तारण की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उनके कार्यालय में भी शिकायत प्रकोष्ठ बना दिया गया है।
टोल फ्री नंबर 18001801950 पर सूचनाएं व शिकायतें दर्ज होनी शुरू हो गई हैं। आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन न हो इसके लिए स्टैटिक व मोबाइल सर्विलांस टीमें लगाई गई हैं।
केंद्रीय पुलिस बल मिला
प्रदेश में उपचुनाव के लिए पर्याप्त संख्या में केंद्रीय पुलिस बल मिल गया है। इसलिए अब प्रत्येक बूथ पर इस बल की मौजूदगी में चुनाव कराया जाएगा।
सीपीएमएफ, आरपीएफ सहित केंद्रीय बल इसमें लगाए जा रहे हैं। चुनाव आयोग यह सुनिश्चित कर रहा है कि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी न होने पाए और मतदाता शांतिपूर्ण व निष्पक्ष वातावरण में मतदान कर सकें।
कहां कितने माइक्रो ऑब्जर्वर
मैनपुरी लोकसभा सीट-1620
विधानसभा सीटों पर-1936
कहां कौन होगा ऑब्जर्वर
सहारनपुर नगर--राम निवास
बिजनौर--ओमेगा ई टोप्पो
ठाकुरद्वारा--वीके ध्रुव
नोएडा--एम गीता
निघासन--रमेश कुमार कौल
लखनऊ पूरब--आलोक अवस्थी
हमीरपुर--छत्तर सिंह देहरे
चरखारी--यशवंत कुमार
सिराथू--प्रदीप कासनी
बलहा--सौरभ भगत
रोहनिया--हेमंत कुमार शर्मा
मैनपुरी (लोस)--केडी प्रसाद राव