कई दशक से वीआईपी क्षेत्र का रुतबा रखने वाले अमेठी व रायबरेली जिलों में केंद्र के बदले निजाम के साथ ही विकास की धार कुंद होने लगी है।
मोदी सरकार ने अब सांसद राहुल गांधी के ड्रीम प्रोजेक्ट जगदीशपुर के मेगा फूड पार्क को निरस्त कर दिया है। राहुल ने अपने संसदीय क्षेत्र में सात अक्तूबर 2013 को इस मेगा फूड पार्क की बुनियाद रखी थी।
बीते सात-आठ महीने से बंद होते उद्योग, निर्माणाधीन सड़कों में पसरा सन्नाटा व एम्स जैसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में पत्ता न खड़कना यह बताने के लिए काफी था कि दिल्ली की सियासी बिसात में अब यहां के नुमाइंदों की पहले जैसी हैसियत नहीं रही।
पर शायद केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को ये प्रतीक भी पर्याप्त नहीं लगे। जगदीशपुर में 200 करोड़ रुपये से बनने वाले मेगा फूड पार्क में फूड प्रोसेसिंग की कई इकाइयां लगनी थीं, जिनसे अमेठी के साथ ही प्रदेश के करीब 40 हजार किसान लाभान्वित होते।