नीट-जेईई की तैयारी के लिए बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
लखनऊ। मेधावियों को अब नीट और जेईई की तैयारी के लिए घर के पास ही मिलेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में यह विशेष केंद्र खोले जाएंगे।
इन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में केवल वही शिक्षक पढ़ाएंगे जो अपने विषय के विशेषज्ञ होंगे। शुरुआत लखनऊ, वाराणसी, देवरिया और मिर्जापुर के विद्यालयों से होगी। समाज कल्याण विभाग ने इसके लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं और शिक्षकों की चयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
मोहान रोड स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय (बालक) में बनने वाले इस सेंटर में 11वीं कक्षा के 40 छात्रों का चयन पहले से कराई गई प्रवेश परीक्षा के आधार पर होगा। इसी तरह वाराणसी के सातोमहुआ, मिर्जापुर के परसिया और देवरिया के मेहरौना में भी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना होगी।
फिलहाल लखनऊ विश्वविद्यालय, नेशनल पीजी कॉलेज, एपी सेन गर्ल्स कॉलेज और अन्य संस्थानों में अभ्युदय योजना के तहत करीब 1400 छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। लेकिन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना से नीट और जेईई जैसी बड़ी परीक्षाओं की तैयारी को और सशक्त आधार मिलने जा रहा है।