लखनऊ। केंद्रीय औषधि अनुसंधान संस्थान में बुधवार को सीएसआईआर वन वीक वन थीम के तहत दो दिवसीय सम्मेलन हुआ। मुख्य अतिथि स्वास्थ्य सचिव पार्थ सेन शर्मा ने भारत की स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने पर जोर दिया।
मौके पर डेंगू, चिकनगुनिया और जीका वायरस की डायग्नोसिस किट विकसित करने के लिए सीडीआरआई और केजीएमयू के बीच समझौता हुआ। इसके तहत डॉ. अतुल गोयल, डॉ. आशीष अरोरा व डॉ. नीति कुमार सीडीआरआई के साथ जांच करेंगे। केजीएमयू में प्रो. अमिता जैन व उनकी टीम नमूनों पर किट का परीक्षण करेंगी।
कार्यक्रम में एंटी-माइक्रोबियल रेसिस्टेंस जैसे वैश्विक स्वास्थ्य मुद्दे पर चर्चा की गई। सीडीआरआई की निदेशक डॉ. राधा रंगराजन की ओर से संचालित पैनल चर्चा में आईआईटी रुड़की से डॉ. रंजना पाठक, बगवर्क्स से डॉ. हरीश कौशिक, अपोलो अस्पताल चेन्नई से डॉ. अब्दुल गफूर ने एएमआर से निपटने पर चर्चा की। लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी और सीतापुर के कॉलेजों के मेडिकल, फार्मेसी, माइक्रोबायोलॉजी और बायोटेक्नोलॉजी के छात्रों ने हिस्सा लिया।