लखनऊ। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की परीक्षाएं शनिवार से शुरू हो रही हैं। शहर के 40 स्कूलों को केंद्र बनाया गया है। इनमें दोनों कक्षाओं के 42,920 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
सीबीएसई के सिटी कोऑर्डिनेटर जावेद आलम खान ने बताया कि पहले दिन इंटरमीडिएट के विद्यार्थी एंटरप्रेन्योरशिप और हाईस्कूल के विद्यार्थी अंग्रेजी की परीक्षा देंगे। परीक्षाएं सुबह साढ़े दस से दोपहर डेढ़ बजे के बीच होंगी। परीक्षार्थियों को 45 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। सुबह 9.55 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा शुरू होने के आधा घंटे पहले उत्तर पुस्तिका दी जाएगी और 15 मिनट पहले प्रश्नपत्र दिया जाएगा।
परीक्षाएं सीसीटीवी की निगरानी में होंगी। जनपद स्तर पर बनाया गया सचल दस्ता का परीक्षाओं में औचक निरीक्षण करेगा। सभी केंद्रों पर सीबीएसई पर्यवेक्षकों की भी तैनाती होगी।
प्रवेश पत्र ले जाना न भूलें
परीक्षा के दौरान प्रवेश पत्र लाना अनिवार्य होगा। बिना इसके परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं मिलेगा। किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट व पाठ्य सामग्री ले जाना प्रतिबंधित होगा। दसवीं की परीक्षाएं 18 मार्च और 12वीं की चार अप्रैल को समाप्त होंगी।