केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) देशभर में 11वीं और 12वीं की छात्राओं को आईआईटी जेईई की तैयारी के लिए कोचिंग देने जा रहा है।
बोर्ड ने छात्राओं को निशुल्क ऑनलाइन संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रोजेक्ट ‘उड़ान’ की शुरुआत की है। इस प्रोजेक्ट में हर साल मेरिट के आधार पर देशभर से 1000 छात्राओं का चयन किया जाएगा।
प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए उन्हें न केवल ऑनलाइन ट्यूटोरियल्स मिलेंगे, बल्कि लेक्चर और स्टडी मैटीरियल भी दिए जाएंगे।
सीबीएसई अधिकारियों की मानें तो इस प्रोजेक्ट को शुरू करने का मुख्य फोकस प्रतिष्ठित संस्थानों में छात्राओं के कम नामांकन अनुपात पर है।
ऐसा देखा जा रहा है कि आर्थिक तंगी के चलते या किसी अन्य कारण से इंजीनियरिंग संस्थानों में लड़कियां कम ही दाखिला ले पाती हैं।
प्रोजेक्ट में आईआईटी जेईई की तैयारी के साथ इंजीनियरिंग संस्थानों की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी। इसके साथ ही समय-समय पर छात्राओं और उनके अभिभावकों को भी काउंसलिंग की सुविधा मिलेगी।
एक हजार छात्राओं में से 50 फीसदी सीटें एससी-एसटी और ओबीसी के लिए आरक्षित होंगी।