लखनऊ। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं राजधानी के 40 केंद्रों पर होगी। सीबीएसई की ओर से बृहस्पतिवार को इनकी सूची वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई।
परीक्षा में करीब 36 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। शहर के सभी केंद्रों पर परीक्षा की तैयारी पूरी हो चुकी है। अभी प्रयोगात्मक परीक्षाएं चल रही हैं, जो 13 फरवरी को खत्म होंगी।
सीबीएसई की ओर से केंद्र व्यवस्थापकों को सलाह दी गई है कि सीटिंग प्लान दुरुस्त कर लें, ताकि परीक्षा के समय कोई समस्या न हो। बोर्ड की ओर परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। जिन परीक्षार्थियों ने एडमिट कार्ड नहीं डाउनलोड किए हैं, वे वेबसाइट cbse.gov.in से इन्हें डाउनलोड कर सकते हैं।
एडमिट कार्ड पर कोई त्रुटि हो तो उसके लिए परीक्षार्थी को अपने कॉलेज में संपर्क कर ऑनलाइन सही करवाना होगा। 10वीं की परीक्षा 15 फरवरी से 18 मार्च तक और 12वीं की 15 फरवरी से 4 अप्रैल तक चलेंगी।