राष्ट्रीय लोक दल के महासचिव सांसद जयंत चौधरी ने मुजफ्फरनगर दंगे की सीबीआई जांच की मांग की है।
राज्य सरकार को इसके लिए दोषी ठहराते हुए कहा कि सरकार ने जानबूझकर समय रहते उचित कदम नहीं उठाए।
जयंत ने कहा कि रालोद कार्यकर्ता विभिन्न मांगों के समर्थन में जिला मुख्यालयों पर एक दिन का उपवास रखेंगे।
जयंत ने यहां पत्रकारों को बताया कि वह हर उस गांव में जाएंगे जहां हिंसा हुई। इस हिंसा से सबसे अधिक नुकसान रालोद का हुआ है। अपने क्षेत्र में हम लोगों के रिश्तों में बिखराव नहीं आने देंगे।
उन्होंने सपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि रालोद खून और लाश की राजनीति नहीं करती है। आरोप लगाया कि जब से सपा सरकार बनी है हर तीन दिन में कहीं न कहीं हिंसक संघर्ष, दंगा या बड़ी वारदात हो रहीं है।
सोमवार को विधानमंडल दल की बैठक में उन्होंने अपने विधायकों को निर्देश दिए कि मुजफ्फरनगर दंगों की सीबीआई जांच, दोषियों को सजा दिलाने, गन्ना मूल्य का भुगतान कराने, पूर्वी, पश्चिमी और बुंदेलखंड में उच्च न्यायालय की खंडपीठ की स्थापना व अन्य जनसमस्याओं के मुद्दों पर विधानसभा के चालू सत्र में आवाज उठाई जाए।