लखनऊ। पारा और सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में करंट की चपेट में आकर कैटरिंग के कारीगर और मजदूर की मौत हो गई। ठाकुरगंज के भूहर निवासी कैटरिंग के कारीगर छोटू प्रकाश राजपूत (32) पारा के सूरज कुंदन में निर्माण करवा रहे हैं। शुक्रवार सुबह सात बजे वह नए मकान में लगे बिजली मीटर के पास तार सही कर रहे थे। तभी करंट की चपेट में आकर जमीन पर गिर पड़े। उनकी पत्नी ने पड़ोसी की मदद से छोटू को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी उपेंद्र सिंह के मुताबिक सीतापुर के तंबौर निवासी मेवा लाल (45) बेटे चंद्रेश के साथ अहिमामऊ में सुरेश कुमार के निर्माणाधीन मकान में रहकर मजदूरी करते थे। चार दिन पहले चंद्रेश किसी काम से गांव चले गए। बृहस्पतिवार रात खाना खाने के बाद मेवालाल सो गए। देर रात बारिश होने पर खिड़की से पानी अंदर आने से उनकी आंख खुल गई। इसके बाद पंखे का तार लगाते समय मेवा लाल करंट की चपेट में आ गए। लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई।