तेलीबाग। क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर सोने की चेन व मंगलसूत्र लूटने वाले शातिर विशाल खत्री को पुलिस ने शनिवार की रात पीताम्बरा शक्तिपीठ के पास गिरफ्तार कर लिया। वह कैटरिंग का काम करता है। मूलरूप से पंजाब का रहने वाला आरोपी वृंदावन सेक्टर-6 में अपने भाई के घर पर आकर रुकता था। विशाल पर पहले से 13 केस दर्ज हैं और वह गैंगस्टर एक्ट में जेल जा चुका है। कोतवाल धीरेंद्र सिंह के मुताबिक उसका साथी विपिन यादव उन्नाव का निवासी है और अभी भागा हुआ है।
कोतवाल के मुताबिक तीन अप्रैल को वृंदावन योजना सेक्टर-18 स्थित सपना इन्क्लेव निवासी सोनी सिंह से ट्रॉमा सेंटर के पास बाइक सवार बदमाश ने चेन छीन ली थी। इससे पहले 30 मार्च को एल्डिको उतरेठिया क्षेत्र में रायबरेली की रहने वाली रेखा से मंगलसूत्र लूट लिया गया। 28 मार्च को पंचमखेड़ा में शिक्षिका सरिता भी लूट का शिकार हुई थीं।
बिना नंबर की बाइक का करता था इस्तेमाल
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी बिना नंबर की बाइक से सुनसान रास्तों पर अकेली महिलाओं की रेकी करते थे और मौका मिलते ही चेन या मंगलसूत्र छीनकर भाग जाते थे। पुलिस ने आरोपी के पास टूटी चेन, मंगलसूत्र का लॉकेट, दो मोबाइल फोन और बाइक बरामद की है।
कई थानों में दर्ज हैं रिपोर्ट
कोतवाल के अनुसार आरोपी पर विभूतिखंड, इंदिरानगर, अलीगंज, गुडंबा समेत कई थानों में उसके खिलाफ लूट व चोरी के 13 केस दर्ज हैं। पुलिस भागे साथी की तलाश में दबिश दे रही है।