अमौसी एयरपोर्ट पर धुंध, कोहरे के कारण विमान देरी के शिकार नहीं होंगे। लो विजिबिलिटी में उड़ानों की लैंडिंग को लगाया गया अत्याधुनिक कैट थ्री-बी जल्द शुरू हो जाएगा। कोहरे में दृश्यता कम होने पर भी विमानों की लैंडिंग में दिक्कतें न हो, इसके लिए एयरपोर्ट पर दो साल पहले कैट थ्री-बी आईएलएस (इंस्ट्रूमेंटल लैंडिंग सिस्टम) लगाया गया था।
बृहस्पतिवार को राजधानी में धुंध की वजह से दिल्ली, मुम्बई, हैदराबाद व कोलकाता रूट की 16 फ्लाइटें घंटों लेट हो गई थीं। फ्लाइटों की लैंडिंग में भी दिक्कतें आ रही थीं। ऐसे में एयरपोर्ट प्रशासन ने इंस्ट्रूमेंटल लैंडिंग सिस्टम की जांच कर ली है और कोहरा शुरू होने से पहले यह पूरी तरह से एक्टिव हो जाएगा।
अमौसी एयरपोर्ट के ओएसडी संजय कुमार नारायण ने बताया कि कैट थ्री-बी आईएलएस सहित सभी उपकरणों की नियमित मरम्मत होती है। कुछ समय पहले तक रनवे की मरम्मत का काम दिन में हो रहा था, अब रात में काम कराया जा रहा है। कैट थ्री-बी से विमानों की लेटलतीफी पर अंकुश लग जाता है।