रैथा गांव में चोरी के बाद खुली पड़ी अलमारी व टूटा लाॅकर व जंगल में जांच करती फोरेंसिक टीम।
बख्शी का तालाब। क्षेत्र के रैथा गांव में शुक्रवार की रात लगभग एक बजे रामू सिंह और पप्पू निषाद के घरों से छह लाख कीमत के गहने और 17 हजार रुपये चोरी हो गए। चोरों की आहट पर जब ग्रामीणों ने उन्हें घेरने की कोशिश की तो वे हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले।
रामू सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका परिवार घर में सो रहा था। चोर पहले गेट फिर कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसे। चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर तीन लाख रुपये कीमत के गहने और लगभग 12 हजार रुपये चोरी कर लिए। साथ ही पप्पू निषाद के घर से तीन लाख रुपये कीमत के दो मंगलसूत्र, पाजेब, अंगूठी और सोने की चेन के साथ पांच हजार रुपये पार कर दिए। चोरों की आहट पाकर जगे ग्रामीणों ने उन्हें घेरने की कोशिश की, लेकिन वे हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। प्रभारी निरीक्षक बीकेटी संजय सिंह ने बताया कि चोरी की घटना दो घरों में हुई है। फोरेंसिक टीम ने भी जांच की है।
शादी वाले घर को बनाया निशाना
रामू सिंह के बेटे की चार दिसंबर को शादी हुई थी, जिसके बाद चोरों ने घर को निशाना बनाया। ग्रामीणों को आशंका है कि शादी समारोह या गांव से ही कोई व्यक्ति रेकी में शामिल है।
रैथा गांव में चोरी के बाद खुली पड़ी अलमारी व टूटा लाॅकर व जंगल में जांच करती फोरेंसिक टीम।