राजधानी में युवक रेलवे कर्मी पत्नी पर धर्मांतरण और बेटी पर बुर्का पहनने का दबाव बना रहा है। विरोध पर पीटता है। पत्नी की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। आगे पढ़ें पूरी खबर...
राजधानी लखनऊ में मड़ियांव थाना क्षेत्र के फैजुल्लागंज निवासी रेलवे कर्मचारी मंजू राठौर ने पति सुमित पर उनका धर्मांतरण कराने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। साथ ही बेटी को बुर्का पहनने के लिए दबाव डालने की बात कही। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
विज्ञापन
मंजू ने बताया कि वर्ष 2012 में उनकी शादी मशकगंज निवासी सुमित से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति का व्यवहार असामान्य और संदेहपूर्ण हो गया। आरोप है कि वह उन पर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाने लगा। विरोध पर अक्सर विवाद करता है। ऑफिस जाने के लिए मना करता है।
मंजू के मुताबिक, 10 वर्षीय बेटी को हिजाब पहनने के लिए मजबूर करता है। 12 वर्षीय बेटे को भी पीटता है। दो जून को वह जब ड्यूटी से घर आईं तो पति ने गेट नहीं खोला। पुलिस के पहुंचने पर उसने गेट खोला। पुलिस जब चली गई तो क्रिकेट बैट से उन्हें पीटना शुरू कर दिया। बेटे और बेटी ने जब बीच-बचाव की कोशिश की तो आरोपी ने उनके सिर पर बैट मार दिया।
विज्ञापन
पिटाई में बेटा और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद उन्होंने थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्र ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है। पीड़िता और आरोपी से पूछताछ की जाएगी। साक्ष्य संकलन होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।