तुलसीपुर (श्रावस्ती)। जमुनहा क्षेत्र में एलयूसीसी के ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी की गई। इस मामले में मल्हीपुर पुलिस ने शुक्रवार केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के मल्हीपुर निवासी आशुतोष ने पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा है। इसमें उसने कहा है कि मुंबई निवासी सागा ग्रुप के मुख्य कार्यकारी निदेशक समीर अग्रवाल, फंड मैनेजर आरके शेट्टी, बाराबंकी जिले के चित्रगुप्त निवासी उत्तम कुमार व उनकी पत्नी माया सिंह, आलापुर निवासी दिनेश कुमार सिंह, उरई निवासी शबाब हुसैन ने बाराबंकी में कृषि मंत्रालय से लोनी अर्बन मल्टी स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कोऑपरेटिव सोसायटी का पंजीकरण कराया।
यह सोसाइटी भारत सरकार के सचेत वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। इसमें जमुनहा के मल्हीपुर भवनियापुर निवासी सद्दाम हुसैन, बहराइच जिले के थाना रिसिया के बरई विलास निवासी कमालुद्दीन व दरगाह क्षेत्र के डीहा निवासी शिवकुमार को सोसायटी ने एजेंट व संचालक बनाया। इसने पीड़ित सहित अन्य लोगों को सेमिनार के जरिये विश्वास दिलाया कि कंपनी में पैसा जमा करने से अच्छा लाभ मिलेगा। पीड़ित ने परिवार का काफी पैसा कंपनी में जमा किया। कुछ समय तक निवेशकाें को मैच्योरिटी धनराशि समय पर वापस मिलती रही। इससे विश्वास कर क्षेत्र के निवेशकों ने करोड़ों रुपये कंपनी में जमा कर दिए। अप्रैल 2024 से निवेशकों की ओर से जमा की गई धनराशि समय अवधि पूरा होने के बाद भी वापस नहीं किया जा रहा है।
कंपनी ने अपना वेबसाइट, एप व पैनल भी बंद कर दिया है। ऐसा कर निवेशकों के साथ धोखाधड़ी की गई है। ऐसे में आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कार्रवाई की जाए। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर जयहरि मिश्र ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।