लखनऊ। सोशल मीडिया पर धर्मगुरु के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने में तालकटोरा निवासी वकील के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक तालकटोरा राकेश कुमार के मुताबिक, ठाकुरगंज फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी मो. नकवी ने बताया कि सज्जादिया कॉलोनी निवासी शकील जैदी ने अपने व्हाट्सएप नंबर से धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट की थी।
नकवी के अनुसार, उन्होंने शकील जैदी की टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए उन्हें पोस्ट हटाने को कहा था। आरोप है कि शकील जैदी पोस्ट डिलीट करने को तैयार नहीं हुए तो मो. नकवी ने तालकटोरा थाने में शकील जैदी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।