लखनऊ। कारोबारी शैलेंद्र सिंह ने दो कंस्ट्रक्शन कंपनियों के सीईओ समेत 14 लोगों पर 82 लाख की ठगी का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर गोमतीनगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
मेसर्स एसएस ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक शैलेंद्र सिंह का दफ्तर गोमतीनगर में है। वह सड़क व भवन निर्माण सामग्री की आपूर्ति का कारोबार करते हैं। शैलेंद्र गुजरात के नौरंगपुर स्थित सद्भाव इंजीनियर लि. कंपनी के चेयरमैन व एमडी शशिन वी पटेल के साथ कारोबार करते हैं। शशिन की कंपनी की शाखा माल रोड स्थित काकराबाद के पास है। शैलेंद्र के मुताबिक 2018 में निदेशकों ने उनकी कंपनी को जेहटा रोड से सीतापुर रोड तक सड़क निर्माण का टेंडर मिलने की बताई थी। इसके लिए निर्माण सामग्री का ऑर्डर उनको मिला था। उन्होंने वर्ष 2019 तक तीन करोड़ का माल शशिन की कंपनी को दिया, पर भुगतान नहीं हुआ।
उन्होंने जब विरोध जताया तो काम में देरी होने पर एनएचएआई की ओर से उनसे टेंडर लेकर हरियाणा की गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी को देने का हवाला दिया गया। बात करने पर गावर कंस्ट्रक्शन के मालिक ने उन्हें 2.18 करोड़ का भुगतान कर दिया। शेष 82 लाख देने से मना कर दिया। जांच में पीड़ित को पता चला कि एनएचएआई ने दोनों कंपनियों को सामग्री के तीन करोड़ दिए थे, जो हड़प लिए गए।