- कोर्ट के आदेश पर अमीनाबाद पुलिस ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। अमीनाबाद थाने में मुख्तार अंसारी के गुर्गे शकील हैदर की पत्नी व बेटे समेत नौ के खिलाफ 15.77 लाख की ठगी की रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस ने यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर की है। आरोपियों पर पीड़ित से फ्लैट के नाम पर धोखाधड़ी और विरोध पर पीटने का आरोप है।
अमीनाबाद के माडल हाउस निवासी शेख मोहम्मद रेहान के मुताबिक कई साल पहले वह फ्लैट खरीदना चाह रहे थे। इस संबंध में उनकी मुलाकात मुख्तार के गुर्गे दुबग्गा निवासी शकील हैदर, उसकी पत्नी सबा परवीन, बेटे रजा हैदर से हुई थी। शकील ने उन्हें अपनी कंपनी धन पुष्टि ग्लोबल निधि लि. की जानकारी दी। कहा कि उसकी कंपनी किस्तों में प्लॉट व जमीन देती है। किस्त अदा होने पर रजिस्ट्री कर कब्जा दे दिया जाता है।
झांसे में आकर उन्होंने बेलदारी लेन स्थित अपार्टमेंट में फ्लैट पसंद किया, जिसका सौदा 15.77 लाख में तय हुआ था। रेहान ने कई मदों 4.77 लाख शकील को, सबा और रजा हैदर को 11 लाख रुपये दे दिए। काफी समय बाद भी रजिस्ट्री न होने पर वह रकम मांगने गए तो आरोपियों ने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। विरोध पर सबा, रजा व सात अज्ञात लोगों ने उन्हें लाठी-डंडों से पीटा। पीड़ित का आरोप है कि अमीनाबाद थाने पहुंचे तो पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। ऐसे में उन्होंने कोर्ट की शरण ली।
जेल में बंद रहने के दौरान शकील की हो चुकी है मौत
शकील हैदर के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। कुछ समय पहले शकील की जेल में ही बीमारी के चलते मौत हो गई थी। इंस्पेक्टर अमीनाबाद सुनील कुमार आजाद के मुताबिक मामले की तफ्तीश चल रही है।