गोमतीनगर थाना में अनी बुलियन ट्रेडर्स और शाइन सिटी कंपनी पर निवेश व प्लॉट का झांसा देकर ठगी करने का आरोप लगाते हुए दो एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। इंस्पेक्टर धीरज कुमार सिंह ने बताया कि अनी बुलियन कंपनी पर सात लोगों ने करीब ढाई करोड़ रुपये हड़पने और शाइन सिटी कंपनी पर एक युवक ने प्लॉट के नाम पर चार लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। जांच की जा रही है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि कैंट के निलमथा निवासी मनोज कुमार ने एक साल पहले अनी बुलियन कंपनी के निदेशक अजीत कुमार गुप्ता ने उन्हें निवेश योजनाओं में 40 प्रतिशत लाभ का झांसा दिया। मनोज ने अपने व परिचित श्वेता, ओम प्रकाश, जय किशोर प्रसाद, ज्ञानेंद्र सिंह, धर्मेंद्र कुमार व एक अन्य को भी निवेश के लिए प्रोत्साहित किया। सभी सातों लोगों ने अनी बुलियन कंपनी में ढाई करोड़ रुपये लगाए। एक साल बाद उन्होंने ब्याज के 40 प्रतिशत मांगे तो अजीत ने टाल दिया। इस बीच अजीत को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। निवेशकों ने गोमतीनगर थाना में अजीत गुप्ता, उनकी आईएफएस पत्नी निहारिका, वाणिज्य कर विभाग में अधिकारी व बड़े भाई राम गोपाल गुप्ता, कंपनी के अधिकारी संतोष गुप्ता व अंजनी कौशल के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
इसके अलावा विकासनगर सेक्टर दो में रहने वाले निरंजन राय ने शाइन सिटी कंपनी के सीएमडी राशिद नसीम समेत अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों पर ठगी का केस किया है। निरंजन के मुताबिक उन्होंने गोमतीनगर के विपुलखंड में आर स्क्वॉयर कॉम्प्लेक्स स्थित शाइन सिटी कंपनी की बीकेटी स्थित पैराडाइज गार्डन प्रोजेक्ट में वर्ष 2013 में 348 वर्ग फुट के दो प्लाट बुक कराए थे। कई किस्तों में चार लाख रुपये भी दे दिया लेकिन उन्हें प्लाट नहीं मिला। उन्होंने केस दर्ज करा दिया है।