बसपा सुप्रीमो मायावती के नाम से फर्जी ट्विटर अकाउंट बनाकर वोटरों को भ्रमित करने की एफआईआर रविवार रात दर्ज गौतमपल्ली थाने में कराई गई। फर्जी ट्विटर अकाउंट बनाने वाले का पता नहीं चल सका है। गौतमपल्ली पुलिस और साइबर सेल छानबीन कर रही है।
बसपा के कार्यालय प्रभारी रामअवतार मित्तल ने बताया कि रविवार शाम करीब चार बजे उनके परिचितों ने मायावती के नाम से बने फर्जी ट्विटर अकाउंट से किए जा रहे भ्रामक ट्वीट के बारे में बताया इसमें मायावती की तरफ से लिखा गया है कि यूपी के मतदाताओं से अनुरोध है कि वह बसपा को वोट न देकर भाजपा को वोट दें।
मेरी पार्टी तो चुनाव में हार ही गई है। ट्वीट देखने के बाद मित्तल ने गौतमपल्ली पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने तत्काल फर्जी अकाउंट बंद कराया। ट्वीट कब का है, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। मित्तल ने इसे विरोधी पार्टियों की साजिश बताया है।