लखनऊ। ठाकुरगंज निवासी महिला के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उनकी फोटो को अपलोड कर गंदे कमेंट किए गए। वहीं, गोसाईंगंज निवासी युवती की आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी। पुलिस ने दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
ठाकुरगंज निवासी महिला के मुताबिक, छह माह से बालागंज निवासी अंकित उनकी देवरानी को परेशान कर रहा था। देवरानी की शिकायत पर उन्होंने अंकित का विरोध किया। आरोप है कि अंकित ने उनके नाम से फर्जी आईडी बनाकर उनकी फोटो अपलोड कर आपत्तिजनक शब्द लिखे। उन्होंने आरोपी के खिलाफ ठाकुरगंज थाने में केस दर्ज कराया है।
गोसाईंगंज निवासी युवती के पिता का आरोप है कि गांव के रहने वाले लोकेश उर्फ छोटू यादव ने बेटी की फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी। शिकायत पर आरोपी और परिजनों ने उन्हें धमकी दी। गोसाईंगंज पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी छोटू को गिरफ्तार कर लिया है।