बाराबंकी में विलाप करते मृतकों के परिवारीजन
- फोटो : amar ujala
जहरीली शराब से बुधवार को हुई 12 मौतों के मामले में जिला प्रशासन ने दो स्प्रिट विक्रेताओं व दावत में स्प्रिट पिलाने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। एक विक्रेता को गिरफ्तार भी किया गया है। जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी व एसपी अनिल कुमार सिंह ने पत्रकार वार्ता में तीन की स्प्रिट पीने, दो की ठंड लगने व एक की हार्टअटैक से मौत बताई।
इसके अलावा अन्य की विभिन्न कारणों से मौत होने का दावा किया है। इस संबंध में जिला प्रशासन ने प्रमुख सचिव गृह, डीजीपी को रिपोर्ट भेजी है। बृहस्पतिवार को डीएम अखिलेश तिवारी ने बताया कि विभिन्न कारणों से हुई मौतों की सूचना मिलने पर सभी का पोस्टमार्टम करवाया गया।
दो स्प्रिट विक्रेता व रामनरेश के खिलाफ रिपोर्ट
आबकारी निरीक्षक ओमकारनाथ अग्रवाल ने बताया कि देवा से जहां स्प्रिट खरीदी गई थी उसके विक्रेता व्यापारी मदन जायसवाल व फतेहपुर कस्बे के स्प्रिट व्यापारी अजीत जायसवाल के खिलाफ देवा कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इनमें मदन को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
वहीं सीओ सिटी सुशील प्रताप सिंह ने बताया कि सलारपुर गांव निवासी रामनरेश द्वारा घर में स्प्रिट पिलाने को लेकर पुलिस ने उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज हुई है।