लखनऊ। खदरा के निजी अस्पताल में इलाज में लापरवाही से महिला की मौत के मामले में दो डॉक्टरों समेत अस्पताल संचालक के खिलाफ मदेयगंज थाने में केस दर्ज किया गया। कोर्ट के निर्देश पर कार्रवाई हुई है।
अलीगंज के सेक्टर-सी निवासी अतुल बोहरा के मुताबिक बीते वर्ष 29 जुलाई को पेट में दर्द होने पर वह पत्नी नमिता को खदरा के गुडलाइफ हॉस्पिटल ले गए। जांच में पता चला कि पित्ताशय में पथरी है। नमिता को पहले से थायराइड की समस्या थी। डॉक्टरों ने ऑपरेशन की बात कहते हुए 40 हजार रुपये जमा करवाए। 31 जुलाई की शाम ऑपरेशन के बाद नमिता की हालत बिगड़ गई। वेंटिलेटर की जरूरत बताते हुए उन्हें डालीगंज क्रॉसिंग स्थित जीसी हॉस्पिटल में भर्ती करवा दिया। वहां भी हालत में सुधार न होने पर एक अगस्त को चरक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पांच अगस्त को हालत नाजुक बताते हुए डॉक्टरों ने हाथ खड़े कर लिए। इसके बाद अतुल पत्नी को मेदांता ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह भी बताया गया कि मौत गलत ऑपरेशन से संक्रमण फैलने से हुई है। अतुल ने मदेयगंज थाने में लिखित शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। कोर्ट के आदेश पर चरक अस्पताल के डॉ. विकास सिंह, डॉ. प्रदीप जोशी और गुड लाइफ अस्पताल के डॉ. अकील आजीम के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।