लखनऊ। रियल एस्टेट कंपनी एसीएमई इंफ्रा वेंचर के निदेशक पर जमीन के नाम पर दो लोगों ने 14.20 लाख रुपये ठगने का आरोप लगा है। एसीपी के आदेश पर निगोहां थाने में केस दर्ज किया गया है।
रायबरेली रोड स्थित न्यू डिफेंस कॉलोनी निवासी रिटायर्ड सैन्यकर्मी विनोद सिंह के मुताबिक वर्ष 2014 में उनकी मुलाकात कंपनी के निदेशक राहुल श्रीवास्तव से हुई थी। उसने कंपनी की आवासीय योजना में प्लॉट दिलाने की बात कही। झांसे में आए विनोद ने 1800 वर्गफीट का प्लॉट बुक करा लिया। राहुल ने किस्त में जमीन बेचने की बात कही। पीड़ित ने 2016 तक कई किस्त में 7.20 लाख रुपये राहुल को दिए। इसके बाद भी वर्ष 2018 तक बैनामा न होने पर पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने अभद्रता कर धमकाया।
वाराणसी के पिंटू कुमार वर्मा ने भी वर्ष 2016 में मोहनलालगंज के ग्राम सिरसा में प्लॉट बुक कर करीब सात लाख रुपये राहुल को दिए थे। इसके बाद भी न तो प्लॉट मिला और न ही रुपये वापस मिले। दोनों पीड़ितों ने एसीपी मोहनलालगंज रजनीश वर्मा से मिलकर शिकायत की। उनके आदेश पर निगोहां पुलिस ने राहुल श्रीवास्तव के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, गाली गलौज और धमकी की धारा मे केस दर्ज किया है। एसओ अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि जांच चल रही है।