अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या मामले में फिल्म निर्माता निर्देशक करन जौहर, अभिनेता सलमान खान, अमिताभ बच्चन और निर्माता एकता कपूर के खिलाफ एसीजेएम की अदालत में आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में परिवाद दायर किया गया है। एसीजेएम पीयूष त्रिपाठी ने मामले में परिवादी का बयान दर्ज करने के लिए 30 जून की तारीख तय की है।
यह परिवाद पार्थ चतुर्वेदी ने दायर किया है। परिवाद में पार्थ ने कहा है कि सुशांत सिंह राजपूत उभरते सितारे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि छोटे शहरों और परिवारों से आने वाले कलाकारों को स्थापित निर्माता और अभिनेता अपने बच्चों को स्थापित करने के लिए इतना हतोत्साहित कर देते हैं कि उन्हें ऐसा कदम उठाना पड़ता है।
मीडिया की खबरों और 14 मई को सुशांत के एक इंटरव्यू से पता चलता है कि वे विपक्षियों के कारण डिप्रेशन में हैं। उन्होंने आरोप लगाया गया कि विपक्षियों के इस कृत्य के कारण ही सुशांत ने आत्महत्या कर ली। परिवाद में पार्थ ने सुशांत की आत्महत्या की उच्चस्तरीय जांच कराने के साथ ही करन जौहर, अमिताभ बच्चन, सलमान खान और एकता कपूर को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों में तलब कर दंडित करने की मांग की गई है।