लखनऊ। विभूतिखंड थाने में नवीन फल मंडी व गल्ला मंडी सीतापुर रोड के सचिव संजय कुमार सिंह व दो व्यापारियों पर आढ़त दिलाने के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी का आरोप है। उन पर साथियों संग मिलकर पीटने का भी आरोप है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर सचिव संजय सिंह समेत तीन नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ जालसाजी, मारपीट सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया है।
प्रभारी निरीक्षक विभूतिखंड डॉ. आशीष मिश्रा के मुताबिक, गोेमतीनगर विस्तार के वनस्थली अपार्टमेंट में विजय प्रताप सिंह परिवार सहित रहते हैं। विजय प्रताप के मुताबिक ,12 मई 2020 को आढ़त की लाइसेंस के लिए सीतापुर रोड स्थित नवीन फल सब्जी और गल्ला मंडी गया था। वहां एक युवक ने मदद के नाम पर गल्ला मंडी कार्यालय ले जाकर मंडी सचिव संजय कुमार सिंह से मिलवाया। आरोप है कि सचिव ने आढ़त का लाइसेंस दिलवाने का वादा करते हुए फोन पर सिंह ट्रेडिंग कंपनी के विजय सिंह और अजय सिंह से बात कराई। सचिव व दोनों व्यापारियों की बातों में आने के बाद व्यापार के लिए 20 लाख रुपये लगा दिए। इसके एवज में हर माह सवा लाख देने को कहा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आढ़त का लाइसेंस और व्यापार में मुनाफा न मिलने पर तकादा किया तो धमकी मिलने लगी। विजय ने व्यापार और लाइसेंस के नाम पर 12 लाख रुपये खाते में और आठ लाख नकद दिए थे। लगातार तकादा करने पर 69 हजार रुपये चेक से देकर यह कहकर भगा दिया कि अब दोबारा मंडी में दिखाई पड़े तो जान से मरवा दूंगा।
थाने पर पर शिकायत पर की मारपीट, दिए पांच लाख
पीड़ित विजय प्रताप सिंह के मुताबिक, जब इन आरोपियों के खिलाफ थाने पर शिकायत की तो आरोपियों ने एक जुलाई 2021 को किसान बाजार में बुलाया। वहां विजय सिंह और अजय सिंह ने साथियों के साथ मारपीट की। तीन जुलाई 2021 को विभूतिखंड पुलिस से फिर शिकायत की। जिस पर दोनों व्यापारी विभूतिखंड थाने पहुंचे और वहां पर पांच लाख रुपये वापस किए लेकिन शेष 15 लाख देने की जगह जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।