कुमार विश्वास अपने अमेठी विजय अभियान पर भले ही आगे बढ़ते जा रहे हों, लेकिन उनकी मुसीबतें भी कम नहीं हो रही हैं।
बरेली और लखनऊ में दो मामले पहले ही दर्ज थे कि सोमवार को एक और मामला लखनऊ में दर्ज हो गया है।
धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में कुमार विश्वास पर अयोध्या की रामजन्मभूमि सेवा समिति की ओर से मुकदमा ठोंका गया है।
समिति के सचिव आर पी मिश्रा की शिकायत पर दर्ज हुआ यह मुकदमा धारा 295, धारा 295 (ए) के तहत दर्ज किया गया है।
बरेली में हुआ था मुकदमा
इसके पहले भी, आम आदमी पार्टी के नेता विश्वास के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में बरेली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
यह मामला एक कार्यक्रम में इमाम हुसैन और सिख धर्मगुरुओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का है, जिसकी वीडियो क्लिपिंग फेसबुक और यू-ट्यूब पर शेयर की गई है।
नदीम कुरैशी के मुताबिक कुमार विश्वास ने अपने किसी कार्यक्रम में इमाम हुसैन और सिख धर्म गुरुओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं।
लखनऊ में एक और मामला
कविता के जरिये धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में आप के नेता और कवि कुमार विश्वास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग वाली एक अर्जी पर सीजेएम आनन्द कुमार ने गोमती नगर थाने से रिपोर्ट तलब की है। इस मामले की सुनवाई 2 फरवरी को होगी।