लखनऊ। काकोरी के बसंतखेड़ा निवासी शिवानी (32) की नदी में कूदकर जान देने के मामले में उनके पिता ने ससुराल वालों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए काकोरी थाने में केस दर्ज कराया है।
शिवानी के पिता बाराबंकी के फतेहपुर निवासी राम लखन के मुताबिक बेटी की शादी 13 साल पहले त्रिभुवन लोधी के साथ हुई थी। शादी के बाद से उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। गहने और बाइक की मांग की जा रही थी। बीते सोमवार को बारिश में गेहूं भीगने पर शिवानी का सास राजेशवरी और ससुर मैकूलाल से विवाद हो गया था। इसके बाद फोन पर पति त्रिभुवन ने भी झगड़ा किया था। इससे आहत होकर शिवानी बेटी लाडो (7) और बेटे अभ्यांश (5) को छोड़कर घर से निकल गई और गोमती नदी में कूदकर जान दे दी थी। इंस्पेक्टर काकोरी सतीश चंद्र राठौर ने बताया बुधवार को सास राजेश्वरी, ससुर मैकूलाल, पति त्रिभुवन, देवर उदयभान, दामाद सुनील, नंद सोनी पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में केस दर्ज किया गया है।