लखनऊ। दुबग्गा के अंधे की चौकी से ठाकुरगंज की ओर जा रही कार अचानक सामने कुत्ता आ जाने से अनियंत्रित होकर हरदोई रोड किनारे बने नाले में गिर गई। घटना सोमवार सुबह आठ बजे की है। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं।
इंस्पेक्टर श्रीकांत राय के अनुसार, ठाकुरगंज की शांति नगर कॉलोनी निवासी सचिन मिश्रा निजी कार्य से घर से निकले थे। लौटते समय अंधे की चौकी के पास अचानक कुत्ता सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में जा गिरी। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह चालक को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बने नाले पर न तो ढक्कन है और न ही सुरक्षा की कोई व्यवस्था। इससे राहगीरों और जानवरों के लिए हमेशा खतरा बना रहता है। लोगों ने संबंधित विभाग से नाले को ढकवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो सके।