मोहनलालगंज। लखनऊ-प्रयागराज मार्ग पर शनिवार की सुबह सुमित्रा नर्सिंग होम के पास उलटी दिशा से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार चला रहे आशुतोष पांडे निवासी कुंडा प्रतापगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनकी पत्नी ज्योति बच गईं। लोगों की मदद से घायल आशुतोष को पास ही स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से भाग गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरातफरी मच गई। इससे यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन सड़क से हटवाए और हाईवे पर यातायात सुचारू कराया। पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रोजाना गलत दिशा से गुजरते हैं ट्रैक्टर
स्थानीय लोगों ने बताया कि गौरा पुलिस पिकेट से बचने के लिए कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अतरौली क्रॉसिंग से गलत दिशा से कानपुर रोड की ओर निकल जाती हैं। इससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। शनिवार के हादसे के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर जमकर आलोचना हुई।
हादसे में क्षतिग्रस्त कार।