नेशनल पैरा एथलीट की गाड़ी से टकराई कार, चालक ने धमकाया
लखनऊ। गोमतीनगर थानाक्षेत्र में गलत दिशा में फर्राटा भर रही तेज रफ्तार कार नेशनल पैरा एथलीट प्रीति गोस्वामी की कार से टकरा गई। विरोध पर आरोपी कार चालक ने उनसे गाली-गलौज की और धमकी दी। वह अपनी दो सहेलियों के साथ महाकुंभ जा रहीं थीं। मामले में गोमतीनगर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
उत्तराखंड में रानीखेत के उपराडी निवासी प्रीति गोस्वामी नैनीताल हाईकोर्ट में अधिवक्ता भी हैं। उनके मुताबिक उनकी दोस्त निर्मला देवी 90 फीसदी से अधिक दिव्यांग हैं। छह फरवरी को प्रीति, पैरा एथलीट सहेलियों निर्मला देवी व एक अन्य के साथ प्रयागराज के लिए गाड़ी से निकली थीं। उन्होंने बताया कि महाकुंभ में क्रीड़ा भारती संस्था की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री उन्हें सम्मानित करने वाले थे। लेकिन, ड्राइविंग के चलते थकान व रात साढ़े दस बजे लखनऊ पहुंचने पर प्रीति विनयखंड निवासी सहेली के घर ठहरने के लिए जाने लगीं। तभी चौराहे के पास गलता दिशा से आ रही बेकाबू कार उनकी गाड़ी से टकरा गई।
वीडियो बनाने पर मोबाइल पटककर तोड़ा, अपशब्द कहे
घटना में निर्मला के चेहरे पर काफी चोटें आ गईं। प्रीति के विरोध पर आरोपी चालक ने अभद्रता शुरू कर दी। वीडियो बनाने पर आरोपी ने प्रीति का मोबाइल पटककर तोड़ दिया। साथ ही निर्मला देवी को अपशब्द कहते हुए कहा कि दिव्यांग गाड़ी लेकर सड़क पर आते ही क्यों हैं। इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज के जरिये आरोपी कार चालक को चिह्नित किया गया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।