गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में रविवार रात रायबरेली-बांदा हाईवे पर पुलिया से टकराकर एक कार आग का गोला बन गई। इससे कार पर सवार दंपती की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि बैंक कर्मी बेटा-नातिन गंभीर रूप से झुलस गए। बुजुर्ग ने वाहन में ही दम तोड़ा, जबकि महिला की लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में मौत हुई। यह हादसा उस समय हुआ, जब सभी शादी समारोह से घर लौट रहे थे। बैंक कर्मी बेटे और नातिन का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सीओ लालगंज महिपाल पाठक ने पहुंचकर घटना की जांच की।
सरेनी थाना क्षेत्र के भूपगंज निवासी एवं बैंक मैनेजर अनुज कुमार (30) रायबरेली शहर में सम्राट नगर मोहल्ले में किराए के मकान में परिवार समेत रहता है। शादी समारोह में शामिल होने के लिए वह परिवार समेत उन्नाव गया था। देर रात अपनी ईको स्पोर्ट्स कार से पिता रिटायर्ड शिक्षक सोहनलाल (70), मां चंद्रावती (68) और भांजी आस्था (16) के साथ रायबरेली वापस लौट रहा था। रायबरेली-बांदा हाईवे स्थित किलौली गांव के पास कार सड़क किनारे पुलिया से जा टकराई। पुलिया से टकराते ही कार धू-धू करके जलने लगी। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई।
पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। आग बुझाकर सभी को बाहर निकाला गया। इस दौरान अनुज के पिता सोहनलाल की कार में ही जिंदा जलकर मौत हो गई। अनुज, उसकी मां और भांजी को जिला अस्पताल भेजा गया। जहां से उसकी मां चंद्रावती, भांजी आस्था को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में चंद्रावती ने दम तोड़ दिया, जबकि उसकी भांजी का इलाज चल रहा है। अनुुज का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जो खतरे से बाहर बताया जा रहा है।