लखनऊ से विंध्याचल दर्शन करने जा रहे एक ही परिवार के छह लोगों की रविवार को रायबरेली के बछरावां में भीषण हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इनकी कार लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर सुबह करीब 7 बजे डिवाइडर से टकराने के बाद ट्रक से जा भिड़ी। हादसा इतना भयंकर था कि कार के परखच्चे उड़ गए और चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में गुड़गांव में एक प्राइवेट कंपनी का इंजीनियर, उसकी पत्नी, दो बहनें, एक ममेरी बहन व चचेरा भाई था। पुलिस ने लिखापढ़ी के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
विज्ञापन
2 of 6
मूल रूप से बस्ती के रहने वाले दिव्य कुमार मिश्रा (29) गुड़गांव की सियाना इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और लखनऊ में मुंशी पुलिया में रहते थे। उनके पिता प्रेमचंद्र मिश्रा बाराबंकी में पुलिस महकमे में उप निरीक्षक पद पर तैनात हैं। दिव्य छुट्टियों में लखनऊ आए हुए थे। रविवार सुबह करीब 4 बजे पत्नी शक्ति मिश्रा (26) व अपनी दो बहनें दिव्या (25), दीपिका (23) व ममेरी बहन ज्योति पांडेय (18) व चचेरे भाई अर्पित मिश्रा (14) को साथ लेकर कार से विंध्याचल के लिए निकले थे। उनके दोस्त अलीगंज निवासी गौरव वर्मा भी परिवार समेत अपनी कार से उनके साथ थे।
विज्ञापन
3 of 6
लगभग पौने 7.00 बजे दिव्य मिश्रा की गाड़ी लखनऊ इलाहाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर बछरावां थाना क्षेत्र के खैहरानी गांव के निकट विशाखा फैक्ट्री के सामने अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर सड़क के दूसरी तरफ सामने से सीमेंट लादकर आ रहे ट्रक यूपी 32 डब्लू 3094 से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पूरी कार ट्रक के नीचे समा गई।इंजन निकल कर दूर जा गिरा और कार में बैठे सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
4 of 6
घटना की जानकारी पर आनन-फानन थानाध्यक्ष अनिल सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीन व क्रेन की सहायता से ट्रक से कार को बाहर निकलवाया और सभी शवों को कार से निकाल कर बछरावां थाने पहुंचाया। पुलिस ने प्रेमचंद्र मिश्रा को इस घटना की सूचना दी, जिस पर वे मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
5 of 6
हादसे में कार का इंजन निकलकर दूर जा गिरा। कार में बैठे सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। चार शव सड़क पर इधर-उधर बिखरे पड़े थे।
गाड़ी चला रहे दिव्य व उनकी पत्नी के शव कार में ही फंसे थे। पुलिस ने गैस कटर से गाड़ी काटकर शव निकाला। साथ जा रहे गौरव ने बताया कि गाड़ी की रफ्तार 110 किमी/प्रति घंटा से अधिक थी। सूचना मिलने पर डीएम संजय कुमार खत्री, एसपी शिव हरि मीणा भी मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि हादसे की जांच कराई जा रही है।