लखनऊ। काकोरी के भलिया चौराहे स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान की कैंटीन में घुसकर संचालक गौतम कुमार से मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप चार युवकों पर लगा है। पीड़ित की पत्नी कल्पना ने शाहपुर निवासी अंकित सिंह और उसके तीन साथियों के खिलाफ शुक्रवार को एफआईआर दर्ज कराई।
विज्ञापन
इंस्पेक्टर काकोरी सतीश राठौर के मुताबिक, गोहरामऊ निवासी गौतम ने बताया कि 15 नवंबर की रात 8:30 बजे आरोपी कैंटीन में आए और गालीगलौज कर मारपीट की। इस पर उन्होंने 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी भाग गए। आरोप है कि 26 नवंबर की रात करीब 9:40 आरोपी दोबारा पहुंचे और जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।