डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान।
लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के शहीद पथ स्थित डॉ. राम प्रकाश गुप्ता मेमोरियल अस्पताल में महिलाओं में कैंसर की जांच और एचपीवी टीकाकरण क्लीनिक की शुरुआत हो गई है। संस्थान के निदेशक प्रो. सीएम सिंह ने शनिवार को इसका शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं में कैंसर की रोकथाम और शुरुआती स्तर पर पहचान करना राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राथमिकता है। स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग का यह एक महत्वपूर्ण कदम है। यह कदम कैंसर रोकथाम तथा इलाज में मील का पत्थर साबित होगा। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विक्रम सिंह ने बताया कि कैंसर की स्क्रीनिंग उन मरीजों की पहचान करने की प्रक्रिया है जिनमें कोई लक्षण नहीं हैं, लेकिन उनमें कैंसर या कैंसर का खतरा होता है। स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की अध्यक्ष डॉ. नीतू सिंह ने कहा कि महिलाओं में होने वाले कैंसर जैसे- सर्वाइकल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, गर्भाशय तथा ओवेरियन कैंसर बड़ी चुनौती हैं। नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच और कैंसर के संकेतों के प्रति सतर्क रहने रहकर खतरे को कम किया जा सकता है। इस मौके पर डॉ. तनवीर रोशन खान, डॉ. पूजा गुप्ता और डॉ. मालविका मिश्रा मौजूद रहीं।