उत्तर प्रदेश में जनवरी-2023 में होने वाली ग्लोबल इंवेस्टर समिट में कनाडा भी भागीदारी निभाएगा। कनाडा के उच्चायुक्त कैमरॉन मैके ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर शिक्षा, लॉजिस्टिक और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में निवेश की इच्छा जताई है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान भारत और कनाडा के बीच मजबूत सांस्कृतिक, वाणिज्यिक और रणनीतिक संबंधों के साथ कनाडा और उत्तर प्रदेश के बीच संबंध बेहतर बनाने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनवरी 2023 में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के आयोजन की तैयारी की जा रही है।
कनाडा के उद्यमियों के लिए यह एक अच्छा अवसर हो सकता है। दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने के लिहाज से यह महत्वपूर्ण अवसर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कृषि, एग्रो टेक्नोलॉजी, एग्रो लॉजिस्टिक, एग्रो पैकेजिंग के क्षेत्र में नीतिगत प्रयास किया जा रहा है। इस क्षेत्र में विकास की असीम संभावनाएं है जिसमें कनाडा अच्छा सहयोगी बन सकता है।
उच्चायुक्त मैके ने ग्लोबल इंवेस्टर समिट को कनाडा के निवेशकों के लिए शानदार अवसर बताते हुए कहा कि कनाडा के निवेशक प्रदेश में शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलेपमेंट और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में निवेश के लिए उत्सुक है। उन्होंने भारत में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में निवेश की इच्छा जताते हुए कहा कि कनाडा और भारत के बीच तकनीक और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ाया जाना चाहिए। कनाडा, भारत के साथ बेहतर ट्रेड संबंधों को और मजबूती देने के लिए प्रयासरत है। उत्तर प्रदेश इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान कर सकता है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में साथ काम करना उनके लिए निजी तौर पर उत्साहित उत्साहजनक होगा। उन्होंने प्रदेश में डिफेंस, एयरोस्पेस, टेक्सटाइल, पर्यटन के क्षेत्र को अपार संभावनाओं वाला बताते हुए इन क्षेत्रों में सहयोग के लिए प्रस्ताव रखा। उच्चायुक्त ने मुख्यमंत्री योगी से पर्यटन, कृषि, जल, विद्युत एवं सौर उर्जा के साथ शैक्षिक आदान प्रदान के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। मैके ने मुख्यमंत्री को भारतीय जूट से तैयार एक सुंदर बैग भेंट किया। बैग पर कनाडा के राष्ट्रीय चिन्ह मैपल लीफ प्रदर्शित किया हुआ था। उन्होंने बताया कि यह बैग भारत मे ही तैयार हुआ है।