राजधानी के सभी राजकीय और अनुदानित कॉलेज जल्द ही वाई-फाई होंगे। शासन की ओर से इस संबंध में निर्देश जारी होने के बाद एलयू वीसी प्रो. एसपी सिंह ने इसको लेकर सभी कॉलेजों की बैठक बुलाने का फैसला किया है।
दीक्षांत समारोह आयोजित होने के बाद वीसी सभी कॉलेज के प्रिंसिपल के साथ बैठक करेंगे। शासन की ओर से 27 दिसंबर को जारी शासनादेश में राजकीय और अनुदानित कॉलेजों को वाईफाई करने के लिए कहा है।
शासनादेश में इसके लिए जियो इंफोकॉम की सेवाएं लेने को कहा गया है। एक साल तक इसकी सेवाएं फ्री रहेंगी। एलयू कुलपति ने इसको देखते सभी कॉलेजों के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं।
उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह के बाद इसकी बैठक आयोजित की जाएगी। वहीं जेएनपीजी के प्रिंसिपल डॉ. एसडी शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपना कैंपस पहले ही वाईफाई कर रखा है। अभी तक वे बीएसएनएल का कनेक्शन लिए हुए हैं। निर्देश के बाद वे एक और कनेक्शन ले लेंगे।