कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय
- फोटो : amar ujala
लखनऊ मैनेजमेंट एसोसिएशन की ओर से शुक्रवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय को ‘एलएमए ट्रांसफॉर्मिंग लीडरशिप अवॉर्ड 2020' से पुरस्कृत किया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुए पुरस्कार समारोह में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अरुण माथुर ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एलएमए देश के अग्रणी संस्थानों में से एक है और एआईएम में सर्वश्रेष्ठ एसोसिएशन होने का खिताब 8 बार जीत चुकी है।
उन्होंने बताया कि यह अवॉर्ड लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय को उनके पिछले 01 वर्ष के कार्यकाल में किए गए कार्यों के लिए दिया गया है। प्रो. राय को यह पुरस्कार समारोह के मुख्य अतिथि प्लानिंग कमीशन उत्तरप्रदेश के पूर्व वाइस चेयरमैन एनसी वाजपेई द्वारा दिया गया।
प्रो. राय ने विश्वविद्यालय की पूरी टीम को इस सफलता का भागीदार बताया। उन्होंने कहा कि सिर्फ 01 साल में ही विश्वविद्यालय अपने शिक्षा और प्रशासन प्रणाली में स्पीड, एक्यूरेसी और ट्रांसपेरेंसी का संचार करने में समर्थ रहा है।
उन्होंने कहा कि यह सभी बदलाव विश्वविद्यालय के सबसे बड़े भागीदार उसके विद्यार्थियों के विकास को ध्यान में रखकर ही किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में देशभर के शिक्षाविद्, कलाकार, इंस्टीट्यूट के निदेशक, लखनऊ विश्वविद्यालय के शिक्षक और ऑल इंडिया मैनेजमेंट एसोसिएशन के सदस्य शामिल थे।