यूपी में सत्र 2017-18 से फार्मेसी की पढ़ाई कराने वाले छह नए संस्थान खुलेंगे। साथ ही इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट और आर्कीटेक्चर की पढ़ाई कराने वाले एक-एक, समेत कुल 10 नए संस्थान खुलेंगे।
इन नए संस्थानों की संबद्धता पर शनिवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विवि (एकेटीयू) संबद्धता समिति की बैठक में मुहर लगेगी।
10 नए संस्थान खुलने पर संबद्धता समिति मुहर लगाएगी तो 18 पुराने संस्थानों के बंद होने पर भी मुहर लगेगी।
वहीं, एक दर्जन से अधिक संस्थानों ने अभी भी संबद्धता के लिए आवेदन नहीं किया है। इसमें कुछ सरकारी संबद्ध संस्थान हैं तो कुछ प्राइवेट कॉलेज। इनमें से कुछ कॉलेजों को खुद में यूनिवर्सिटी बनने की मान्यता मिल गई है।
जिन संस्थानों ने संबद्धता के लिए आवेदन नहीं किया है, विवि प्रशासन उनके बारे में क्या निर्णय लेगा, इस पर सबकी निगाहें हैं। साथ ही विभिन्न कॉलेजों की सीटें घटाने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगेगी।
कई कॉलेजों में निर्धारित संख्या की अपेक्षा शिक्षकों की संख्या काफी कम है। विवि इनकी सीटें घटाने का भी निर्णय ले सकता है। रजिस्ट्रार पवन कुमार गंगवार ने बताया कि आवेदन पत्रों की जांच चल रही है। 15 मई से पहले कॉलेजों को संबद्धता पत्र जारी किया जाएगा।