यूपी के बीएड कॉलेजों में दाखिले के लिए काउंसलिंग की शुरुआत मंगलवार से हो गई। पहले दिन 6500 तक की रेंक वाले अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र सत्यापन के लिए बुलाया गया। इनमें से 4,854 अभ्यर्थियों ने अपने डॉक्यूमेंट सत्यापित कराए।
इस तरह सत्यापन प्रक्रिया में करीब 75 फीसदी अभ्यर्थी शामिल हुए। बीएड काउंसलिंग सुबह साढे़ आठ बजे से शुरू होनी थी, लेकिन सर्वर की समस्या के चलते सुबह 10 बजे काउंसलिंग प्रक्रिया सामान्य हुई। काउंसलिंग के बाद अभ्यर्थियों को उनके मोबाइल पर पासवर्ड भी मिल गया।
इसकी सहायता से वे सीट के लिए अपने विकल्प भर सकेेंगे। बीते सालों में पासवर्ड न आने की समस्या को देखते हुए इस साल एनआईसी ने अभ्यर्थियों को खुद फोन करके पासवर्ड मिलने की जानकारी प्राप्त की।
वेश समन्वयक प्रो. नवीन खरे ने बताया कि प्रदेश के 1736 डिग्री कॉलेजों में बीएड दाखिले की काउंसलिंग के लिए 16 जिलों में 33 केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों को काउंसलिंग लेटर में दिए गए केंद्र पर जाकर अपने प्रमाणपत्र सत्यापित कराने हैं। फिर, मोबाइल पर मैसेज से मिले पासवर्ड से ऑनलाइन चॉयस लॉक करनी है।