प्रदेश के आयुर्वेद और होम्योपैथी स्नातक डिग्री कोर्स में इस बार एनईईटी परीक्षा के आधार पर प्रवेश नहीं होगा। पहले की तरह प्रदेश विश्वविद्यालय ही इन दोनों कोर्स के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित करेगा। केंद्र सरकार के आयुष मंत्रालय की ओर से प्रदेश सरकार को इन कोर्सों में प्रवेश के लिए परीक्षा लेने को कहा गया है।
प्रवेश परीक्षा और काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी कर ही सरकारी और निजी कॉलेजों की सीटें भरी जाएंगी। परीक्षा के लिए आवेदन और परीक्षा की तिथि जल्द तय कर दी जाएगी। विवि के परीक्षा नियंत्रक डा. जेएस नेगी ने माना कि अतिरिक्त मुख्य सचिव आयुर्वेद की ओर से विवि को प्रवेश परीक्षा आयोजित करने के आदेश आए हैं।
प्रदेश में राजीव गांधी आयुर्वेदिक कॉलेज पपरोला की 60, निजी शिवा आयुर्वेदिक कॉलेज की 60 और सोलन स्थित होम्योपैथी कॉलेज की 75 सीटों को भरने के लिए परीक्षा आयोजित की जानी है। जानकारी के मुताबिक एचपीयू की प्रवेश परीक्षा शाखा जल्द इस परीक्षा के लिए शेड्यूल जारी करेगी।
इसमें बीस जून तक छात्रों से आवेदन मंगवाए जाएंगे। बीस अगस्त को प्रवेश परीक्षा की तिथि तय की जाएगी। एक सितंबर तक एचपीयू को इन दोनों कोर्स की प्रवेश प्रक्रिया को हर हाल में पूरा करने की समयसीमा रहेगी। एक सितंबर से दोनों कोर्स की कक्षाएं शुरू होंगी। इस परीक्षा के लिए जमा दो में सामान्य वर्ग के लिए 50 फीसदी और आरक्षित एससी, एसटी वर्ग के लिए 45 फीसदी अंक वाले छात्र पात्र होंगे।