कानपुर विश्वविद्यालय के बाद डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में भी डिग्री और माइग्रेशन के लिए स्टूडेंट्स को कैंपस के चक्कर नहीं काटना होगा। स्टूडेंट विवि की वेबसाइट पर आवेदन करके डाक के माध्यम से घर बैठे डिग्री और माइग्रेशन ले सकता है।
वहीं, दूसरी ओर एलयू दो साल से डिग्री और माइग्रेशन ऑनलाइन देने का दावा ही कर रहा है। प्रदेश भर के स्टूडेंट्स को डिग्री और माइग्रेशन के लिए आज भी विवि के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
एलयू में एडमिशन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन होते हैं, लेकिन डिग्री और माइग्रेशन के लिए ऑनलाइन आवेदन केवल दावों तक सीमित है।
दो साल पहले विवि ने सिंगल विंडो शुरू कर उसके दो महीने के भीतर स्टूडेंट्स को माइग्रेशन और डिग्री एक ही खिड़की पर देने का दावा किया। मगर, पूरा शैक्षिक सत्र बीत गया ऑनलाइन आवेदन आज भी दूर की कौड़ी है।
शैक्षिक सत्र 2014-15 की शुरुआत पर विवि की वेबसाइट का नये सिरे से निर्माण शुरू हुआ था। दावा था कि वेबसाइट बनने के बाद स्टूडेंट्स को डिग्री और प्रोविजिनल के लिए विवि के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
वेबसाइट के माध्यम से स्टूडेंट्स कहीं से भी डिग्री आदि के लिए आवेदन कर सकेंगे और विवि उसकी डिग्री तैयार कर डाक से भेज देगा। आवेदन के समय ऑनलाइन फीस भुगतान की सुविधा देेने की बात कही गई थी।