लखनऊ विश्वविद्यालय से सहयुक्त डिग्री कॉलेजों को वेबसाइट अपडेट करने के लिए एक मौका और दिया गया है। कॉलेजों को 10 अप्रैल तक अपनी वेबसाइट अपडेट करनी होगी। वेबसाइट पर कॉलेज के बारे में सूचनाएं देनी होंगी। सूचनाएं न डालने या गलत सूचना अपलोड करने पर उनके दाखिलों पर रोक लगा दी जाएगी।
लविवि कुलपति प्रो. एसपी सिंह ने 24 जनवरी को कॉलेजों के साथ हुई बैठक में 15 मार्च तक अपनी वेबसाइट अपडेट करने को कहा था। इसके लिए सभी कॉलेजों को लॉगइन आईडी भी दी गई है।
अभी भी काफी कॉलेजों ने लॉगइन नहीं किए हैं। जिन्होंने लॉगइन की है उनमें से भी काफी ऐसे हैं जिन्होंने सूचनाएं वेबसाइट पर अपडेट नहीं की हैं।
कॉलेज डवलपमेंट काउंसिल के डीन प्रो. आरआर यादव ने बताया कि कॉलेजों को- नाम, संचालित पाठ्यक्रम, निर्धारित सीट, पिछले तीन साल में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों की सत्रवार संख्या, प्रथम सहयुक्तता का सत्र, सहयुक्तता स्थिति-स्थायी या अस्थायी सहयुक्तता, महाविद्यालय की वेबसाइट, ईमेल आईडी समेत तमाम अन्य जानकारियां अपनी वेबसाइट पर देनी होंगी।