फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: फोन कर घर से बुलाया, हत्या कर झाड़ियों में फेंका शव

विज्ञापन
मृतक अलमास। उसके बिलखते परिजन व घर पर जुटी भीड़।
विज्ञापन
मोहनलालगंज। क्षेत्र के मऊ गांव निवासी डाला चालक अलमास सिद्दीकी (23) को करीबियों ने फोन कर घर से बुलाया। फिर धारदार हथियार व ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी। शव छिबऊ खेड़ा गांव के पास नहर के किनारे झाड़ियों में फेंककर हत्यारे भाग निकले। छानबीन में सामने आया है कि प्रेम प्रसंग का विरोध करने पर अलमास की जान ली गई।
विज्ञापन

एसीपी विकास कुमार पांडेय के मुताबिक सोमवार शाम कुछ लोगों ने अलमास को फोन कर बुलाया था। उसका शव मंगलवार शाम को घर से करीब दो किमी दूर मिला। चरवाहों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

अलमास के चेहरे, सिर, गले व अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। हत्यारों ने पहचान मिटाने के लिए उसका चेहरा बिगाड़ दिया था। प्रतीत हो रहा है कि अलमास की हत्या कहीं और करने के बाद शव वहां लाकर फेंका गया। शव के पास कुछ चप्पलें व माचिस मिली है। अलमास का मोबाइल फोन गायब है।
विज्ञापन




लगातार फोन आने के बाद घर से निकला था

मोहम्मद रवी सिद्दीकी ने बताया कि उनका बेटा अलमास पानी की फैक्टरी में डाला चलाता था। कुछ दिन पहले पैर में चोट लगने के कारण काम पर नहीं जा रहा था। घरवालों ने बताया कि सोमवार शाम करीब पांच बजे से अलमास को उसके दोस्त लगातार फोन कर रहे थे। खुजौली जाने की बात कहकर अलमास पैदल ही निकल गया। देर रात तक उसके न लौटने पर परिजनों ने कॉल किया, लेकिन मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा था। इसके बाद खोजबीन की, पर कुछ पता नहीं चला। घरवाले मंगलवार को मोहनलालगंज थाने पहुंचे और गुमशुदगी दर्ज कराई। शाम को अज्ञात शव मिलने की जानकारी पर मो. रवी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान अलमास के रूप में की। उसकी मौत की खबर सुनते ही मलका बेसुध होकर गिर पड़ीं। रोते हुए बताया कि सोमवार शाम को बेटे ने घर आकर साथ में खाना खाने की बात कही थी, लेकिन वह नहीं लौटा। भाई समीर व बहनों अनंत और लैवा का भी रो-रोकर बुरा हाल था।



चार दिन पहले हुई थी मारपीट

छानबीन में सामने आया है कि अलमास की रिश्ते की बहन का एक युवक पीछा करता था। अलमास ने उसे डांट लगाई थी। चार दिन पहले मामले को लेकर ढाबे पर विवाद हुआ था। मौके पर मौजूद लोगों ने मामला शांत करा दिया था। आरोप है कि आरोपियों ने अलमास को देख लेने की धमकी दी थी। पुलिस का कहना है कि हत्यारे अलमास का मोबाइल फोन साथ ले गए हैं। जल्द वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।
विज्ञापन

मृतक अलमास। उसके बिलखते परिजन व घर पर जुटी भीड़।

मृतक अलमास। उसके बिलखते परिजन व घर पर जुटी भीड़।

मृतक अलमास। उसके बिलखते परिजन व घर पर जुटी भीड़।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें