फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Smriti Irani: केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बूस्टर डोज शिविर का किया शुभारंभ, आरोग्य मेले का लिया जायजा

Mon, 25 Jul 2022 12:02 AM IST
ishwar ashish अमर उजाला नेटवर्क, अमेठी

सार

कैबिनेट मंत्री स्मृति ईरानी की बेटी के गोवा में कथित अवैध बार चलाने को लेकर अमेठी में कुछ लोगों ने पोस्टर लगा दिए। जानकारी पर पुलिस ने सभी पोस्टर हटवा दिए। स्मृति एकदिवसीय दौरे पर अमेठी में हैं।
विज्ञापन
अमेठी में आयोजित आरोग्य मेले में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी रविवार को अमेठी संसदीय क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचीं। उन्होंने सलोन विधानसभा क्षेत्र के नसीराबाद सीएचसी में कोविड-19 बूस्टर डोज मेगा कैंप का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोग जरूर बूस्टर डोज लगवाएं। 

विज्ञापन

 
मेगा कैंप का उद्घाटन करने के बाद केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में लगाए गए स्टालों पर जाकर आयुष्मान गोल्डन कार्ड, स्वास्थ्य व्यवस्था आदि का जायजा लिया। उन्होंने बाल विकास पुष्टाहार विभाग की ओर से आयोजित अन्नप्रासन कार्यक्रम में बच्चों को खीर खिलाई व गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की। वहीं पहला बूस्टर डोज लगवाने के लिए बैठे भिटहा निवासी राम अभिलाख से बात की। स्मृति ने उनसे पूछा भैया मास्क क्यों नहीं लगाएं। इस पर वह मुस्कुराने लगे तो अस्पताल की एएनएम ने मास्क दिया। बूस्टर डोज लगने के बाद राम अभिलाख वह उसकी पत्नी राम दुलारी को अपने साथ ले जाकर दीप प्रज्ज्वलित कराया। एएनएम अनीता से भी दीप प्रज्ज्वलित कराया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, मध्याह्न भोजन योजना आदि का लाभ सभी पात्रों को दिलाया जाए। सीएचसी में आने वाले मरीजों व लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराते हुए बेहतर इलाज किया जाए। 
विज्ञापन


नसीराबाद सीएचसी अधीक्ष्क डॉ. संजय जायसवाल ने बताया कि 48 हजार डोज लगाने का लक्ष्य है। आज 150 लोगों को बूस्टर डोज लगाई गई है। 15 लोगों को गोल्डन कार्ड दिए गए। इस मौके पर सलोन विधायक अशोक कुमार, डीएम माला श्रीवास्तव, एसपी आलोक प्रियदर्शी, सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह, अनिल पांडेय, डॉ. मोहित सिंह, डॉ.अर्पित कक्कड़, शैलेश सिंह, शैलेंद्र प्रताप सिंह, शोभा, शिप्रा यादव मौजूद रहीं।

दीदी बेटी के साथ छींटाकशी की, शिकायत पर थाने से भगाया

नसीराबाद सीएचसी में मेगा कैंप का उद्घाटन करने के बाद स्मृति ईरानी जाने लगी। इसी दौरान अपनी बेटी को लेकर रोते हुए नसीराबाद के एक गांव निवासी युवक कार के पास आकर रोने लगा। केंद्रीय मंत्री ने गाड़ी का गेट खोलकर पूछा, क्या बात है। पीड़ित ने कहा कि दीदी शनिवार शाम पांच बजे गांव के ही एक पड़ोसी युवक ने हमारी बेटी के साथ छेड़छाड़ की। जब इसका विरोध किया तो अपने परिजनों के साथ मिलकर मारपीट की। शिकायत लेकर रात में एक बजे जब थाने गया तो वहां मौजूद पुलिस ने भगा दिया। यह सुन केंद्रीय मंत्री ने पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी को बुलाया और कहा इस मामले को देखो और जांच कर कार्रवाई करें। मौजूद डॉक्टरों से पीड़ित का इलाज कराने का निर्देश दिया। आननफानन चिकित्सकों ने किशोरी को अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया।

लोगों की सुनी पीड़ा, दिया भरोसा
केंद्रीय मंत्री की निगाह अस्पताल के दिव्यांग एलटी अनिल सिंह पर पड़ी तो वह वापस लौटकर उनके पास पहुंचीं। कहा कि आपको कुछ भी जरूरत हो तो बताना। केंद्रीय मंत्री ने जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव से कहा कि अस्पताल के कर्मचारियों को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। मीडिया वालों ने बाइट देने की बात कही तो केंद्रीय मंत्री ने जवाब दिया कि आप लोगों ने बूस्टर डोज लगवा ली है। यह कहते हुए वह गाड़ी में बैठ गईं और आगे बढ़ गईं। कर्मभूमि एजूकेशनल ट्रस्ट के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद ने जनहित में नगर पंचायत नसीराबाद कस्बे में रामलीला मैदान की जमीन पर भूमाफिया की ओर से अतिक्रमण किए जाने की शिकायत की। लोगों ने मंत्री से कासिमपुर हॉल्ट पर जनता एक्सप्रेस, पद्मावत  इंटर सिटी एक्सप्रेस का ठहराव कराए जाने की मांग की। नसीराबाद सीएचसी में जनरेटर की व्यवस्था की मांग की। भाजपा मंडल अध्यक्ष डीह धीरेंद्र मिश्रा ने केंद्रीय मंत्री से किसानों की समस्याओं को देखते हुए डीह रजबहा को शारदा नहर से जोड़ने की मांग की। इस पर मंत्री ने सलोन विधायक को बुलाया और समस्याओं को तत्काल निस्तारण कराने के लिए कहा।

नहीं मिल पाए भाजपाई
नसीराबाद सीएचसी में सुबह से ही भाजपा नेताओं का जमावड़ा लगा रहा। सभी क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर सांसद से मिलना चाहते थे, लेकिन सांसद को सही समय से लखनऊ से फ्लाइट पकड़ना था। ऐसे में वह बगैर मंच पर पहुंचे ही लखनऊ रवाना हो गईं। इस मौके पर पूर्व विधायक गजाधर सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विवेक सिंह, छतोह के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विशाल सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष छतोह अभय सिंह, चैतन्य सिंह भदौरिया, राघवेंद्र पांडेय, उदय विक्रम सिंह, प्रधान सत्य देव सिंह, गौरव रस्तोगी, सुभ्रांत रस्तोगी मौजूद रहे।
विज्ञापन

स्मृति के आने से पहले लगाए आपत्तिजनक पोस्टर

गोवा से जुड़े जिस मामले को लेकर कांग्रेस ने शनिवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को घेरा था उन्हीं आरोपों से जुड़े पोस्टर रविवार भोर उनके संसदीय क्षेत्र स्थित अमेठी बस अड्डे व रेलवे स्टेशन पर चस्पा नजर आए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस पोस्टर हटाने के बाद मामले की जांच में जुटी है।

गोवा से जुड़े एक मामले को लेकर कांग्रेस हमलावर है। कांग्रेस प्रवक्ता व कई और बड़े नेताओं ने शनिवार को अमेठी सांसद व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को दिल्ली में घेरा था। कांग्रेस ने स्मृति पर गंभीर आरोप मढ़े थे। बाद में स्मृति ने भी कांग्रेस के नेताओं पर पलटवार करते हुए उन्हें हद में रहने की नसीहत दी थी। स्मृति ने कहा था कि 2019 में अमेठी से राहुल गांधी की हार को कांग्रेसी पचा नहीं पा रहे हैं। इसी को लेकर अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं। 

स्मृति ने कांग्रेस नेताओं पर मानहानि का केस करने की बात भी कही थी। रविवार को स्थानीय सांसद व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आई थीं। दौरे के चंद घंटे पहले रविवार भोर शहर स्थित बस स्टेशन एवं रेलवे स्टेशन पर पोस्टर लगा नजर आया। पोस्टर में स्थानीय सांसद के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए उनसे इस्तीफा मांगा गया था। पोस्टर के नीचे लिखा था निवेदक अमेठी की जनता। आपत्तिजनक पोस्टर लगने की सूचना आग की तरह फैली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टरों को हटवाया। आपत्तिजनक पोस्टर सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं।

खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज
शहर के बस स्टेशन एवं रेलवे स्टेशन पर स्थानीय सांसद व केंद्रीय मंत्री को लेकर लगाए गए आपत्तिजनक पोस्टर को लेकर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। प्रभारी निरीक्षक उमाकांत शुक्ला ने बताया कि पोस्टर लगने की जानकारी मिलते ही तत्काल पोस्टरों को हटाया गया। पोस्टर लगाने वाले की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य टीम लगाई गई है।

भाजपाइयों ने फूंका था राहुल का पुतला
शनिवार देर शाम शहर स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका था। इसके बाद रविवार भोर आपत्तिजनक पोस्टर लगे मिले। हालांकि यह पोस्टर किसने लगाया है। अभी तक इसकी जानकारी किसी को नहीं है।

केंद्रीय मंत्री ने राज्यमंत्री के भाई को दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय मंत्री व सांसद स्मृति ईरानी रविवार को तिलोई स्थित स्वास्थ्य राज्यमंत्री के आवास पहुंचीं। केंद्रीय मंत्री ने राज्यमंत्री के भाई को श्रद्धांजलि देते हुए परिवारवालों से मिलकर संवेदना जताई। स्मृति 50 मिनट तक विधायक तिलोई के परिवार वालों के साथ रहीं और सभी से बातचीत की।

प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह के छोटे भाई अभिषेक सिंह उर्फ लाल बाबा के निधन पर खेद जताया। रविवार को एक दिवसीय दौर पर अपने संसदीय क्षेत्र आईं अमेठी सांसद व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी इन्हौना होते हुए सीधे तिलोई स्थित मंत्री निवास पहुंचीं। स्मृति ने राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उनके भाई के चित्र पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। करीबन 50 मिनट तक शोकाकुल परिवार के साथ रहने के बाद स्मृति ईरानी अपने तय कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए सलोन विधानसभा क्षेत्र के नसीराबाद सीएचसी के लिए रवाना हो गईं। इस दौरान जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी, राकेश त्रिपाठी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कृष्ण कुमार सिंह मुन्ना, धर्मेश मिश्र, भवानी दत्त दीक्षित समेत जिले के आलाधिकारियों के साथ भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रही।

केंद्रीय मंत्री ने सुनी लोगों की समस्या
राज्यमंत्री के भाई के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त कर केंद्रीय मंत्री जैसे बाहर निकलीं फरियादियों ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान स्मृति ने वहां खड़े लोगों की समस्या सुनी। मौके पर मौजूद एसपी डॉ. इलामारन जी व एसडीओ अंकुर लाठर को शिकायतें संबंधित विभाग को भेजवाने व उनका निस्तारण सुनिश्चित कराने का आदेश दिया।
 
किया स्मृति का स्वागत
अमेठी के एक दिवसीय दौरे पा आईं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी रविवार सुबह 9:30 बजे इन्हौना पहुंचीं। यहां पर जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र से गए भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ सांसद का स्वागत किया। अल्पसंख्यक मंत्रालय मिलने के बाद स्मृति ईरानी का यह पहला दौरा था। स्वागत करने वालों में भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष डॉ. प्रज्ञा बाजपेई, नीलम, गीता सिंह व सुनील आदि मौजूद रहे। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें