गडकरी ने कहा कि वाराणसी से हल्दिया तक साढ़े पांच हजार करोड़ खर्च कर मालवाहक जहाज के बाद अब क्रूज चल रहा है। 80 एमटी माल ढोया जा रहा है, दो साल में इसकी क्षमता 280 एमटी तक की जाएगी। आज ही गंगा और यमुना में चार रीवरपोर्ट, फरक्का से पटना तक नदी सूचना प्रणाली और गंगा नदी में हिलसा मछली के सुगम आवागमन के लिए फरक्का में नैविगेशन लॉक की नई व्यवस्था का उद्घाटन किया है।
कहा कि जल परिवहन बेहद सस्ता है, सड़क पर जहां 10 रुपये प्रति किमी खर्च आता है, वहीं रेल से छह रुपये जबकि जलयान यात्रा में मात्र एक रुपये लगता है। हम 5 स्टार व 7 स्टार क्रूज चलाने जा रहे हैं। रसिया से लैंडक्रूज ला रहे हैं, इसकी स्पीड 80 किमी प्रति घंटा होगी। इसमें बैठकर वाराणसी से प्रयागराज तक जल्द ही प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्या के साथ सफर करेंगे।
पिछली बार यहां सरयू में जलमार्ग बनाने का वादा किया था, इस पर काम शुरू हो गया है। अयोध्या में रिवर पोर्ट व वाटर वे टर्मिनल बनेगा, लोग गंगा के रास्ते पटना-कोलकता होते हुए बांग्लादेश और वाराणसी-प्रयागराज तक जा सकेंगे। अगली बार प्रभु राम की कृपा रही तो हम प्लेन से सरयू में उतरकर दर्शन करेंगे। सांसद के साथ बस्ती तक क्रूज से जाएंगे।
कहा कि हम विशेष प्रौद्योगिकी लेकर आ रहे हैं जिसमें क्रूज का परिचालन आसान होगा, जिसमें इंजन टोयोटा कंपनी का होगा, पंखे हवाई जहाज के होंगे और एयर बोट रूस से लाई जाएगी। यह 28 फरवरी तक हिंदुस्तान में पहुंच जाएगी।
गडकरी ने दावा किया कि मोदी सरकार ने 70 साल के मुकाबले 5 साल में बेहतर काम किया है। सरकार आने से पहले कुल 7643 किमी हाइवे बना था, हमने पांच साल में 14800 किमी सड़क बनाई। उ.प्र. में दो लाख करोड़ से ज्यादा का काम हुआ है। हमारी बनाई सड़कों पर 200 साल तक गड्ढे नहीं होंगे। हमारा काम पारदर्शिता के साथ होता है, न किसी ठेकेदार को लाइन लगाने की जरूरत है, न एक पैसे का कमीशन देने की। पूरा काम समयबद्ध ढंग से होता है।