लखनऊ। नगर निगम की टीम ने बुधवार और बृहस्पतिवार को लगातार दो दिन अभियान चलाकर बटलर पैलेस कॉलोनी की मुख्य सड़क से अवैध कब्जे हटाए। पराग बूथ की आड़ में बनाई गईं दो पक्की दुकानों का आवंटन पत्र दिखाने के लिए दो दिन का मौका दिया गया। हालांकि, कार्रवाई के डर से दुकानदारों ने दुकानों पर ताला जड़ दिया है।
विज्ञापन
सड़क-फुटपाथ पर अतिक्रमण और कब्जों के खिलाफ अमर उजाला ने कई खबरें प्रकाशित कीं। इनमें बटलर पैलेस कॉलोनी के बाहर मुख्य सड़क पर कब्जा कर बनाईं दुकानों का मुद्दा उठाया गया। यह भी बताया गया कि इस सरकारी कॉलोनी में खुद मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब का सरकारी आवास है।
इसके बाद बुधवार शाम और बृहस्पतिवार सुबह नगर निगम की जोन एक की टीम ने अभियान चलाकर 20 से अधिक कब्जे हटाए गए। कर अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि पक्के कब्जों का आवंटन पत्र दिखाने के लिए दो दिन का मौका दिया गया है। अपर नगर आयुक्त ललित कुमार का कहना है कि पक्के निर्माण जांच के बाद तोड़े जाएंगे।