लखनऊ। निशातगंज पेपर मिल कॉलोनी निवासी कारोबारी ताज अहमद (52) ने बुधवार को घर में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने उनके साथी पर प्रताड़ना और धमकाने का आरोप लगाया है। परिजनों ने पुलिस कोई लिखित शिकायत नहीं की है।
उनकी बेटी सबा ने बताया कि उनके पिता ने राजाजीपुरम निवासी एक साथी से कुछ फायर एक्सटिंग्विशर लेकर सप्लाई किए थे, जिसके पैसे उन्हें उस साथी को देने थे। पिछले कुछ दिनों से वह लगातार पैसों की मांग कर रहा था और फोन पर धमकी भी दे रहा था। बुधवार की सुबह भी उसने फोन कर पैसे मांगे थे। जब ताज अहमद ने कहा कि बैंक से भुगतान होने के कुछ दिनों बाद वह पैसे दे देंगे, तो उसने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
बुधवार दोपहर ताज अहमद की पत्नी शबनम अपनी बेटी सबा के साथ गोसाईंगंज अमेठी अपनी बहन के घर चली गईं। थोड़ी देर बाद पत्नी ने ताज अहमद को कई बार फोन किया, लेकिन कॉल नहीं उठी। उन्होंने आलमबाग में रहने वाले परिचित समीर को फोन कर घर जाकर ताज अहमद को देखने के लिए कहा। समीर जब घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार दरवाजा खटखटाने पर भी जब वह नहीं खुला, तो समीर ने धक्का देकर दरवाजा खोला। अंदर पहुंचने पर ताज अहमद को बाथरूम में लगे लोहे के पाइप के सहारे दुपट्टे से लटका देखा गया। मोहल्ले वालों की मदद से ताज को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने मोबाइल की कॉल डिटेल की जांच और साथी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसीपी महानगर अंकित वर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।